जालौन में आपसी रंजिश में भिड़े दो पक्ष ,दोनों ओर से हुए घायल,मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर में रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद लाठी, डंडे और सरिया चले। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 10 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार जालौन कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हरीपुरा निवासी सौरभ परिहार ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की रात करीब आठ बजे वह अपने घर के दरवाजे पर बैठा था। तभी नशे की हालत में सुरेंद्र, मनोज, नितिन, धीरज व कलू उनके तीन रिश्तेदार हाथों में लाठी, डंडे लेकर आ गए। सभी मिलकर उसके साथ गाली, गलौज करने लगे। जब उसने मना किया तो सभी ने मिलकर मारपीट शुरू कर दी। जिसमें उसे, उसके पिता मनीष परिहार व भाई खेमचंद्र को गंभीर चोटें आई हैं।
उधर, दूसरे पक्ष के नितिन कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था तभी वहां कक्कू परिहार, मनीष, खेमू, सौरभ, शिवम व चार अज्ञात लोग हाथों में सरिया व लाठी, डंडे लेकर आ धमके। आते ही उन्होंने सीधा मारपीट शुरू कर दी। जब उसने बचने के लिए चिल्लाया तो सरिया से हमला करना शुरू कर दिया। जिसमें उसे, उसके मामा सुरेंद्र, पत्नी नीतू, धीरज, आकाश व दीपू को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने सभी घायलों का चिकत्सकीय परीक्षण कराकर दोनों पक्षों की तहरीर पर सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी कोतवाल लालबाबू मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।