रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में नैनपुरा माइनर से मकरंदपुरा के लिए निकली बिजली के लाइन के खंभे झुक गए हैं। खंभे झुकने के कारण बिजली के तार जमीन की करीब आ गए हैं। लंबे समय से झुके खंबे को बदलवाने के लिए ग्रामीणों ने बिजली निगम के अअधिकारियों से शिकायत की थी। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
विकास खंड के ग्राम मकरंदपुरा की बिजली आपूर्ति कुकरगांव फीडर से होती है। गांव में बिजली पहुंचाने के लिए उरई जालौन मार्ग के सातमील से निकले माइनर से नैनपुरा के पास से लाइन निकली है। नैनपुरा निवासी किसान सतीश गुप्ता के खेत से लाइन निकली है। खेत से मकरंदपुरा के लिए निकली लाइन के तीन पोल आंधी में झुक गए थे। लगभग एक वर्ष से ज्यादा का समय बीत चुका है। लेकिन जर्जर लाइन व झुके हुए पोल को ठीक नहीं कराया गया है। खंभे झुकने के कारण किसानों को खेत में काम करने में दिक्कत हो रही है और उन्हें काम करते समय करंट लगने का भय बना रहता है। किसान सतीश गुप्ता, अवधेश, ललित श्रीवास्तव, अनूप श्रीवास्तव बताते हैं कि पूर्व में दो वनरोज बिजली के तारों के चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौत गई थी। पोल झुकने की शिकायत उन्होंने बिजली निगम के अधिकारियों को कई बार फोन पर व लिखित रूप से भी दी है। लेकिन अब तक पोल न तो ठीक किए गए हैं और न ही बदले गए हैं। इस समय बारिश का मौसम चल रहा है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। जब इस संदर्भ में अवर अभियंता संतोष कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। वह पता कर रहे है यदि समस्या है तो ठेकेदार से बात कर ठीक कराया जाएगा।




