–24 घंटे में 3.19 मीटर बढ़ा जलस्तर, 15 से 20 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा पानी

ब्यूरो रिपोर्ट
Jalaun / Kalpi news today । जालौन जनपद के कालपी में यमुना नदी के जलस्तर में लगातार तेज बढ़ोतरी से नदी किनारे बसे ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। सोमवार को यमुना का जलस्तर बढ़कर 102.18 मीटर पहुंच गया। इससे यमुना पट्टी के गांवों में बाढ़ की आशंका को लेकर ग्रामीण सहमे हुए हैं। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार रविवार को यमुना का जलस्तर 98.99 मीटर दर्ज किया गया था। इसके बाद भी जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी रही। बीते 24 घंटे में यमुना के जलस्तर में करीब 3.19 मीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फिलहाल नदी का पानी करीब 15 से 20 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। लगातार हो रही बारिश और आसपास के क्षेत्रों से पानी यमुना में पहुंचने के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने से यमुना के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को बाढ़ का डर सताने लगा है। ग्रामीण नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रख रहे हैं। केंद्रीय जल आयोग के प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि यमुना के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बारिश का पानी नदी में पहुंचने के कारण जलस्तर बढ़ा है। आने वाले समय में जलस्तर में और वृद्धि होने की आशंका है। प्रशासन और केंद्रीय जल आयोग की टीम नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा तटीय क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।




