रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे योग पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत गुरुवार को तहसील परिसर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक एवं आयुष चिकित्सक डॉ. आयुष सक्सेना ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, प्राणायाम के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मानसिक तनाव कम होता है और व्यक्ति की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। एसडीएम रिंकू सिंह राही ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग की आवश्यकता और अधिक बढ़ गई है। योग न केवल तनाव को दूर करता है बल्कि सकारात्मक सोच विकसित करने में भी सहायक होता है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तहसील परिसर में प्रतिदिन 10 मिनट का योगाभ्यास कराया जाएगा। इससे कर्मचारियों को मानसिक तनाव से राहत मिलेगी और वे अधिक ऊर्जा एवं उत्साह के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।







