रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन कोतवाली रोड स्थित पेट्रोल पंप के समीप सड़क पार करते समय तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में युवक को सीएचसी से उच्च संस्थान रेफर किया गया। पूरी घटना समीप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भवानीराम निवासी अफसार (45) पुत्र सत्तार कोतवाली रोड पर पेट्रोल पंप के पास सड़क पार कर रहा थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कूटी चालक ने बेकाबू होकर उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह उछलकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारकर स्कूटी सवार मौके से भाग निकला। पूरी घटना पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद पहुंचे लोगों ने उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च संस्थान रेफर किया गया।
अनियंत्रित होकर फिसली बाइक दो युवक हुए घायल
जालौन। बंगरा मार्ग पर ग्राम सालाबाद के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पुल के निकट शुक्रवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे उस पर सवार दो युवक घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मध्य प्रदेश के जिला भिंड के ग्राम बरहा निवासी राजेंद्र कुशवाहा अपने भांजे जनपद झांसी के मोंठ निवासी निशू के साथ अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बंगरा मार्ग ग्राम सालाबाद के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पुल के निकट पहुंची, अचानक सड़क पर संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसल गई। बाइक फिसलने के कारण दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल यूपी-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों युवकों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां दोनों घायलों का इलाज चल रहा है।





