पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन में कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की नवमी को अक्षय नवमी का पर्व मनाया गया। महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की पूजा अर्चना कर परिवार के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।
बुंदेलखंड में इसे अक्षय नवमी को इच्छा नवमी भी कहते हैं। माना जाता है इस दिन किया गया कोई भी शुभ कार्य अक्षय फल देने वाला होता है। अर्थात उसके शुभ फल में कभी कमी नहीं आती। आयुर्वेद में आंवला को आयु और आरोग्यवर्धक कहा गया है। इस दिन आंवला के वृक्ष की पूजा करके उसके नीचे बैठकर भोजन करने का भी बड़ा महत्व है। अक्षय नवमी को लेकर पंडित अरविंद बाजपेई बताते हैं कि अक्षय नवमी का महत्व इसी बात से समझा जा सकता है कि इसी दिन द्वापर युग का प्रारंभ हुआ था, जिसमें स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया था। इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने वृंदावन गोकुल की गलियां छोड़कर मथुरा प्रस्थान किया था। यह व्रत मुख्य रूप से संतान और पारिवारिक सुखों की प्राप्ति के लिए रखा जाता है। इसी दिन से वृंदावन की परिक्रमा भी प्रारंभ होती है।
अक्षय नवमी के व्रत व पूजन को लेकर पंडित देवेंद्र दीक्षित बताते हैं कि अक्षय नवमी के दिन स्नान आदि करके आंवले के वृक्ष के आसपास साफ-सफाई कर आंवला वृक्ष की जड़ में शुद्ध जल अर्पित किया जाता है इसके बाद उसकी जड़ में कच्चा दूध डालकर पूजन सामग्रियों से वृक्ष की पूजा करें। उसके तने पर कच्चा सूत या मौली 8 परिक्रमा करते हुए लपेटें। इसके बाद परिवार के सुख-समृद्धि की कामना करके वृक्ष के नीचे ही बैठकर परिवार, मित्रों सहित भोजन करें। इस दिन आंवले के पेड़ के नीचे भोजन बनाने और उसे ग्रहण करने का विशेष महत्त्व है। यदि संतान प्राप्ति के लिए पूजा की गई है तो व्रत भी रखा जाता है। यदि यह व्रत पति-पत्नी साथ में रखें तो उन्हें इसका दोगुना शुभ फल प्राप्त होता है। नगर व ग्रामीण क्षेत्र में अक्षय नवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं ने आंवले के वृक्ष की पूजा अर्चना कर परिवार के सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद आंवले के वृक्ष के नीचे भोजन भी किया।
पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़






