(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । लगभग तीन वर्ष पूर्व तहसील के सामने स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय को बिल्डिंग की मरम्मत कराने के चलते सीओ कार्यालय के पास स्थानांतरित कर दिया गया था। अब बिल्डिंग बनकर तैयार है। इसके बाद भी कार्यालय को स्थानांतरित नहीं किया जा रहा है। नवीन बार एशोसिएशन के तत्वावधान में अधिवक्ताओं ने कार्यालय को मूल स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की है।
नगर में सब रजिस्ट्रार कार्यालय तहसील के सामने स्थित था। कार्यालय की बिल्डिंग जर्जर होने पर वर्ष 2020 में कार्यालय को सीओ कार्यालय के पास ही स्थानांतरित कर दिया गया। जो कि मूल स्थान से लगभग एक किमी की दूरी पर स्थित है। कार्यालय दूर होने के चलते कार्य के लिए आने वाले लोगों को परेशानी होती है। वकीलों के लिए कोई स्थान न होने के चलते वकील मूल स्थान पर ही रहते हैं। लिखा पढ़ी के लिए एक किमी दूर जाना पड़ता है। इससे खासकर महिलाओं को दिक्कत होती है। नवीन बार एशोसिएशन के तत्वावधान में अध्यक्ष श्रीगोविंद चतुर्वेदी, महामंत्री कमलेश सिंह सेंगर, कमलेश प्रजापति, शैलेंद्रकांत त्रिपाठी, वीरेंद्र कुमार आदि ने एसडीएम सुशील कुमार को मांग पत्र देकर बताया कि वर्तमान में तहसील के सामने स्थित कार्यालय बनकर तैयार है। लगभग सभी व्यवस्थाएं हो चुकी हैं। ऐसे में कार्यालय में अपने मूल स्थान पर स्थानांतरित कर दिया जाए तो लोगों की दिक्कत दूर हो जाएंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वह पूर्व में भी कई बार सब रजिस्ट्रार कार्यालय को स्थानांतरित किए जाने की मांग कर चुके हैं। संपूर्ण समाधान दिवस आदि में भी शिकायत कर चुके हैं। लेकिन अब तक कार्यालय स्थानांतरित नहीं किया गया है। अधिवक्ताओं ने जनहित में कार्यालय को मूल स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की है।





