
Jalaun news today । संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया जाए और शिकायतकर्ता को भी अवगत कराएं। शिकायत के नाम पर खानापूर्ति न हो बल्कि शिकायत के आधार पर निष्पक्ष जांच करें। समाधान की रिपोर्ट के आधार पर उसकी उच्च अधिकारियों द्वारा क्रॉस चेकिंग करायी जाएगी और निस्तारण गलत पाए जाने पर जांच अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह बात जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान में कहीं।
तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम राजेश कुमार पांडेय व एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने शिकायतों को सुना। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की लाइन लगी रही। समाधान दिवस में 52 शिकायतें पंजीकृत हुई। जिसमें 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शिकायतें सुनने के बाद डीएम ने अधीनस्थों को सख्त हिदायत दी कि समाधान दिवस में आई प्रत्येक शिकायत को पूरी गंभीरता से लें। जो शिकायत हो उसी के आधार पर जांच करें। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि किसी शिकायत में किसान पुलिया की मांग कर रहे थे निस्तारण में दो पक्षों का विवाद बताकर निस्तारण कर दिया गया। इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच अधिकारी तीन दिन के अंदर शिकायतकर्ता से बात करके उसका समाधान कराएं। जिससे बार बार शिकायतकर्ता को अधिकारियों के चक्कर न काटने पड़े। मोहनपुर कुदारी की महिलाओं ने चार वर्ष से नल खराब होने तथा गंदा पानी पीने के मजबूरी की शिकायत की तो डीएम ने बीडीओ प्रशांत यादव को ग्रामीणों की पेयजल समस्या का तुरंत समाधान का निर्देश दिया। इस मौके पर सीएमओ एसडी शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार पंडित, एसडीएम हेमंत पटेल, तहसीलदार एसके मिश्रा, बीडीओ प्रशांत यादव, ईओ सुशील कुमार, जेई आलोक श्रीवास्तव, पूर्ति निरीक्षक अजीत कुमार समेत जिला व तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





