रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में मकान का मुहायदा कर एक व्यक्ति ने रुपये ले लिए। रुपये वापस मांगने पर जब मुहायदा काटने के लिए कहा तो विपक्षियों ने साजिश कर फर्जी तरीके से एक और मुहायदा करा लिया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुर्खीबाल निवासी संतोष कुमार ने न्यायालय को बताया था कि वर्ष 2022 में उसे रुपयों की जरूरत थी। रुपयों की जरूरत पड़ने पर उसने मोहल्ले के ही सुनील कुमार से पांच लाख रुपये मांगे। उसने कहा कि गारंटी के तौर वह उसे मकान का मुहायदा कर दे जब वह रुपये देगा तो मुहायदा कटवा देंगे। विश्वास में आकर उसने रुपये ले लिए और अपने मकान का मुहायदा सुनील की पत्नी उपमा के नाम कर दिया। कुछ समय बाद उन्होंने वापस रुपयों की मांग शुरू कर दी। किसी तरह उसने रुपये जमा किए और सुनील से कहा कि वह उनके माकन का मुहायदा कटवा दे और अपने रुपये ले लें। वह मुहायदा कटवाने के लिए उसे उपनिबंधक कार्यालय में ले गए। जहां उन्होंने उससे कागजों पर हस्ताक्षर करा लिए। बाद में जब उसने जानकारी की तो पता चला कि उसने मुहायदा न कटवा कर एक और मुहायदा अपने साथी नीलेश कुमार के नाम करा दिया है। जिसमें अशोक कुमासर व नितिन कुमार निवासी चुर्खीबाल ने भी सहयोग किया। जब उसने इसकी शिकायत की तो गाली, गलौज व मारपीट कर जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। कोतवाल वीरेंद्र कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।





