अधिवक्ता के साथ अभद्रता के बाद उपजा विवाद हुआ खत्म,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । उरई शहर के मंशापूर्ण मंदिर से दर्शन कर लौट रहे एक अधिवक्ता के साथ कथित अभद्रता के मामले में उपजा विवाद मंगलवार को समाप्त हो गया। यातायात प्रभारी ने जिला बार संघ पदाधिकारियों और संबंधित अधिवक्ता से माफी मांग ली, जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

भादारी गांव निवासी अधिवक्ता गोविंद सिंह का आरोप है कि शनिवार को वह मंशापूर्ण मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान यातायात प्रभारी बीर बहादुर ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और अभद्रता की। अधिवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि उनके गले में पड़ी सोने की चेन छीन ली गई।

घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। उन्होंने जिला जज परिसर के बाहर कालपी रोड पर वाहन खड़े कर जाम लगा दिया और नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने अधिवक्ताओं को समझाकर शांत कराया और मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने जाम खोल दिया।

मंगलवार को यातायात प्रभारी बीर बहादुर, क्षेत्राधिकारी के साथ जिला जज परिसर पहुंचे और जिला बार संघ पदाधिकारियों व संबंधित अधिवक्ता से माफी मांगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में किसी भी अधिवक्ता के साथ अभद्रता नहीं की जाएगी। वरिष्ठ अधिवक्ताओं के प्रयास से दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया और विवाद समाप्त हो गया ।