रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से एक ऐतिहासिक स्वास्थ्य पहल की शुरुआत करते हुए किशोरियों के लिए राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का औपचारिक शुरुआत पांच किशोरियों को वैक्सीन लगाकर की गई। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सीएचसी एवं प्राथतिक स्वास्थ्य केंद्र छिरिया सलेमपुर में जनप्रतिनिधियों व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की उपस्थिति में किया गया।
महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी का कैंसर) से बचाव के लिए राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री ने महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण को सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता बताया। लाइव प्रसारण में पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा महिलाओं के सामने आने वाली छोटी से छोटी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी है। एचपीवी टीकाकरण अभियान देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा क्रांतिकारी कदम है। महिलाएं हर घर की रीढ़ होती हैं, इसलिए 2014 से अब तक सरकार ने उनके जीवन को आसान बनाने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता ने कहा कि एचपीवी एक आम वायरस है जो त्वचा से त्वचा के संपर्क से फैलता है। एचपीवी वैक्सीन किशोरियों को लगाई जानी है ताकि भविष्य में उन्हें सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाया जा सके। प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए इस अभियान के लाइव प्रसारण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नगर पालिका अध्यक्ष नेहा पुनीत मित्तल, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ऊषा गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता, डॉ. सहन बिहारी गुप्ता, छिरिया सलेमपुर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद राजपूत, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे।







