जालौन के इस गांव में हुआ जल महोत्सव का आयोजन, निकाली गई रैली,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में जल अर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग में जल महोत्सव एवं जल अर्पण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता के साथ-साथ जल संरक्षण के प्रति जागरूकता किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य और अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) अचंल गुप्ता की उपस्थिति किया गया। समारोह के दौरान ग्राम में जल जीवन मिशन के तहत स्थापित शुद्ध पेयजल आपूर्ति व्यवस्था के सफल संचालन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। एडीएम नमामि गंगे ने बताया कि इस योजना के माध्यम से प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ जीवन स्तर बेहतर हो सके। अधिशासी अभियंता ने अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण, जल की महत्ता और उसके समुचित उपयोग के बारे में समझाते हुए कहा कि जल एक अमूल्य संसाधन है, जिसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। अनावश्यक जल व्यय को रोकना, रिसाव की सूचना देना और जल स्रोतों की सुरक्षा करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की जल समस्या उत्पन्न न हो। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि अब ग्राम में निर्मित जल संरचनाएं जैसे ओवरहेड टंकी, पंप गृह, पाइपलाइन और सार्वजनिक जल स्टैंडपोस्ट केवल सरकारी संपत्ति नहीं, बल्कि पूरे गांव की साझा धरोहर हैं। इनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी ग्रामवासियों की है। यदि सभी लोग मिलकर इन संसाधनों की रक्षा करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ और पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा। समारोह के अंत में ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वह जल जीवन मिशन के तहत निर्मित सभी परिसंपत्तियों की सुरक्षा और रखरखाव करेंगे और जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहेंगे।