रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में बिजली की व्यवस्थाओं को सुधारने और बिजलीघर के लोड को बांटने के लिए लौना गांव में बिजलीघर का निर्माण कराया जा रहा है। जिसको शीघ्र पूर्ण कराने की मांग नगरवासी ने बिजली निगम से की थी। नगरवासी की मांग पर बिजली निगम ने ट्विटर (एक्स) पर दो माह में कार्य पूरा होने की संभावना व्यक्त करते हुए बिजलीघर शुरू होने का आश्वासन दिया है।
गर्मी के मौसम में नगर क्षेत्र में हर साल बिजली व्यवस्था बेपटरी हो जाती है। आए दिन होने वाले फाल्ट, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज आदि की समस्याओं से उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ता है। निर्धारित कटौती के अतिरिक्त घंटों इन दिक्कतों के चलते उपभोक्ताओं को गर्मी और उमस के बीच परेशान होना पड़ता है। ऐसे में उपभोक्ताओं द्वारा नगर में एक नए बिजलीघर की स्थापना की मांग की जा रही थी। जिसमें पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल के सहयोग से लौना गांव के पास नए बिजलीघर की स्थापना के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई। जिस पर निर्माण कार्य भी शुरू होकर अधिकांश निर्माण कार्य हो चुका है। इस बिजलीघर के शीघ्र निर्माण के साथ ही उसे शुरू कराने की मांग नगर के मोहल्ला मुरलीमनोहर निवासी अशफाक राईन ने ट्विटर (एक्स) के माध्यम से बिजली निगम में की थी।

जिसके जबाव में बिजली निगम द्वारा बताया गया है कि निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। आवश्यक मशीनों की स्थापना कराई जा रही है। लगभग दो माह में लाइनों का बंटवारा कर नया बिजलीघर शुरू करा दिया जाएगा।






