एंटी रोमियो टीम ने किया महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन कोतवाली में तैनात एंटी रोमियो टीम द्वारा मिशन शक्ति फेस-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने युवतियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और उनके अधिकारों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं सार्वजनिक स्थानों और चाय-गुटखा की दुकानों पर मौजूद युवकों से पूछताछ कर उनके नाम-पते भी नोट किए गए।
महिला कांस्टेबल कश्मीरा ने महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या अन्य समस्या होने पर तुरंत पुलिस और हेल्पलाइन सेवाओं की मदद लें। उन्होंने महिलाओं को वूमेन पॉवर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अभियान के दौरान टीम ने बालिकाओं को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने और अनजान लोगों से ऑनलाइन बातचीत में सतर्कता बरतने की सलाह दी। साथ ही शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पंपलेट वितरित किए गए। एंटी रोमियो टीम ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है। इस मौके पर रिया, प्रतिमा, रागिनी, रूही, प्रियंका आदि रहीं।