रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। जालौन क्षेत्र में लगभग एक पखवारे पूर्व गांव में स्थित नल पर पानी भरने गई बहनों में से गांव के ही अधेड़ व्यक्ति ने एक बहिन को रुपये देकर टॉफी लेने भेज दिया। जबकि दूसरी बहिन को अपने साथ घर ले जाकर उसके साथ छेड़खानी करने लगा। गांव के लोगों के देख लेने पर धमकी देकर भाग गया। पीड़िता की मां ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी दो बेटियां हैं। बीती 17 मई को उनकी दोनों बेटियां गांव में स्थित नल पर पानी भरने गई थीं। पानी भरते समय वहां गांव का ही बलवीर आ गया और उनसे बात करने लगा। इसी दौरान उसने बड़ी बेटी को कुछ रुपये देकर उसे टॉफी लेने के लिए भेज दिया और सात वर्षीय छोटी बेटी को वह पास में स्थित एक कमरे में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। जब बेटी ने विरोध किया तो उसे डराया और धमकाया भी। तभी वहां गांव के कुछ लोग पहुंच गए तो वह धमकी देकर वहां से भाग गया। बेटी ने कुछ दिन तो डर की वजह से उसे घटना के बारे में नहीं बताया। जब वह कुछ सामान्य हुई तो घटना की जानकरी दी। जिसके बाद वह कोतवाली पहुंची है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही उसे पकड़कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने पार की नगदी और जेवर
जालौन। घर में पीछे की दीवार फांदकर घुसे चोरों ने संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे 10000 रुपये नकद समेत सोने चांदी के जेवर चोरी कर लिए। पीड़ित ने मामले की तहरीर छिरिया चौकी में दी है। पुलिस ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहाव निवासी वीरू ने पुलिस को बताया कि रविवार की रात उसके परिवार के सभी सदस्य खाना खा पीकर सो गए। रात में किसी समय पीछे की दीवार फांदकर अज्ञात चोर घर में घुस आए। चोरों ने कमरे में रखे संदूक का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे 10000 रुपये नकद समेत पायल, छिरिया, कुंडल आदि चोरी कर लिए। पीड़ित गृहस्वामी की सूचना पर छिरिया मलकपुरा चौकी प्रभारी आलोक पाल ने मौके का मुआयना किया और आसपास लोगों से पूछतांछ की है। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।






