जालौन क्षेत्र के इस गांव के पास कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित,, किसानों ने लगाई विभाग से गुहार

सिर्फ खबर लिखने वाले पत्रकार ही सम्पर्क करें

Jalaun news today । लहचूरा क्षेत्र के किसानों को पिछले करीब 20 दिनों से पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है, जिससे खेतों की सिंचाई और धान की बुवाई प्रभावित हो रही है। किसानों ने आरोप लगाया है कि शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग समस्या का समाधान नहीं कर रहा है।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार लहचूरा क्षेत्र के किसान आदित्य सिंह, पंकज आदि ने बताया कि कोंच पावर हाउस से ग्रामीण क्षेत्रों और खेतों में लगे सरकारी और निजी नलकूपों की बिजली लाइनें अलग-अलग किए जाने के बाद से क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। किसानों का कहना है कि करीब 20 दिन पहले आए तेज आंधी-तूफान और बारिश के दौरान कई बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे। इसके बाद से विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। किसानों ने आरोप लगाया कि टूटे हुए पोलों को अब तक बदला या दुरुस्त नहीं किया गया है, जिसके कारण खेतों तक बिजली नहीं पहुंच पा रही है। आरोप लगाया कि इस संबंध में कई बार एसडीओ और जेई से शिकायत की गई, लेकिन हर बार केवल जल्द सप्लाई बहाल करने का आश्वासन दिया गया। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। किसानों का कहना है कि वर्तमान में धान की बुवाई का समय चल रहा है। बिजली न मिलने से नलकूप बंद पड़े हैं और सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा है। यदि जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो धान की फसल को नुकसान हो सकता है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। किसानों ने डीएम से बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल कराने और टूटे हुए बिजली पोलों की मरम्मत कराने की मांग की है।