एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत इस विद्यालय में हुआ वृक्षारोपण,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । शासन की महत्वाकांक्षी ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका रीनू पाल, सहायक अध्यापकों, ग्राम प्रधान, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं अभिभावकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को एक-एक पौधा भेंट किया गया। सभी ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरित बनाने के लिए कम से कम एक-एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने ‘पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ विषय पर आकर्षक चित्रकला बनाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुति की सभी ने सराहना की।

प्रधानाध्यापिका रीनू पाल ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की भी आधारशिला हैं। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।