रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में लगभग एक सप्ताह पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला था। परिजन जहां मामले को खुदकुशी बता रहे थे। वहीं, पिता ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली कालपी क्षेत्र के ग्राम मंगरौल निवासी जगपाल ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी कोमल देवी (26) का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व नौ मई 2022 को वीरपुरा निवासी सोनू के साथ किया था। बीती पांच जुलाई की शाम उन्हें जानकारी हुई कि उसकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ससुराल पक्ष के लोग उसे सीएचसी ले गए हैं। सूचना मिलते ही वह भी सीएचसी पहुंच गए। पुलिस ने बेटी के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। पिता ने बेटी की मौत को संदिग्ध बताया था और आरोप लगाया कि बेटी की मृत्यु के बाद से उसके ससुरालियों ने भी कोई जानकारी नहीं दी है। रविवार को पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी पर ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज के रूप में मायके से बाइक लाने का दबाव बना रहे थे। जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो ससुरालियों ने बेटी को मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और उसे आत्महत्या दर्शाने के लिए उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति सोनू, सास मूलादेवी, ससुर राजू उर्फ राजकुमार, देवर दयाशंकर उर्फ मोनू, चचिया ससुर हाकिम सिंह, चचेरे देवर बलवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।








