रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में एक युवक ने फेसबुक के जरिए किशोरी से दोस्ती कर उसका नंबर ले लिया और बहला फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। पीड़ित मां ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी फेसबुक चलाती थी। फेसबुक पर ही महिया कमलपुर निवासी राजकुमार ने उससे दोस्ती कर ली और उसका नंबर ले लिया। इसके बाद वह बेटी से कॉल पर बातें कर उसे बहलाने और फुसलाने लगा। महिला ने आरोप लगाया कि बीती 21 जून की सुबह जब वह जागी तो उनकी बेटी गायब थी। घर में भैंस खरीदने के लिए रखे करीब 60000 रुपये नकद और सोने की जंजीर भी गायब थी। काफी तलाश करने के बाद जानकारी मिली कि 20 जून की रात करीब एक बजे बेटी को राजकुमार अपने कुछ साथियों के साथ भगा ले गया। पीड़ित महिला ने बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार पुलिससे लगाई है। वहीं, पीड़ित मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।







