डॉ घनश्याम अनुरागी ने सम्भाला जालौन जिला पंचायत के प्रशासक पद का कार्यभार,कही यह बात

छह माह के लिए मिली जिम्मेदारी, बोले विकास व सुशासन को रखूंगा प्राथमिकता

ब्यूरो रिपोर्ट

Jalaun news today। जालौन जिला पंचायत अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त होने के बाद शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. घनश्याम अनुरागी को जिला पंचायत का प्रशासक नियुक्त किया है। डॉ. अनुरागी ने आज विधिवत रूप से प्रशासक का पदभार ग्रहण कर लिया।
अपर मुख्य अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने उन्हें कार्यभार सौंपा तथा पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. अनुरागी ने कहा कि पिछले पाँच वर्षों में जनसहयोग एवं समस्त जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मचारियों के सहयोग से विकास, सुशासन, पारदर्शिता और लोकहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी कार्य किए गए। उन्होंने कहा आगामी छह माह में प्रशासक के रूप में पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जनपद जालौन के सर्वांगीण विकास तथा केन्द्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करूंगा। डॉ. अनुरागी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसे पर खरा उतरने का विश्वास दिलाते हुए कहा कि वह प्रशासकीय दायित्व का निर्वहन पूरी पारदर्शिता एवं जनहित की भावना से करेंगे।