रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को तहसील, न्यायालय, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, विद्यालयों तथा ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया एवं लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लिया।

सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला जज बृजेंद्र सिंह ने पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा। कार्यक्रम में प्रथम अपर जिला जज सतीश चंद्र त्रिवेदी, अपर जिला जज सुरेश कुमार गुप्ता, सीजेएम अभिषेक खरे, न्यायिक मजिस्ट्रेट निकिता सिंह रहे। तहसील परिसर में एसडीएम राकेश कुमार सोनी एवं सीओ कार्यालय परिसर में सीओ अजय कुमार सिंह ने पौधों का रोपण करते हुए कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को रोकने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से पौधरोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील की। कोतवाली परिसर में प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर चंद ने पुलिस कर्मियों के साथ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

सीएचसी में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मियों ने पौधे लगाए। इस अवसर पर जननी सुरक्षा योजना की लाभार्थी महिलाओं को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधे भेंट कर अस्पताल से विदा किया गया। डॉ. केडी गुप्ता ने कहा कि पौधे मानव जीवन का आधार हैं। प्रत्येक परिवार को अपने बच्चों के साथ-साथ एक पौधे का भी पालन-पोषण करना चाहिए, तभी पर्यावरण संतुलित रह सकेगा। वहीं ग्राम छिरिया सलेमपुर में कोटेदार लाखन के यहां पूर्ति निरीक्षक सुशील कुमार ने पौधरोपण किया। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।








