साइबर ठगों ने की युवक को नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी,,पुलिस ने शुरू की जांच

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर व्हाट्सऐप के जरिए संपर्क कर लोगों से साइबर अपराधियों ने धोखाधड़ी की। ठगी की रकम को स्थानीय युवक के बैंक खाते में ट्रांसफर किया गया। धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने खाता धारक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भारत सरकार के समन्वय प्रतिबिम्ब पोर्टल से प्राप्त सूचना के आधार पर एसआई शिवम सिंह सेंगर द्वारा मामले की जांच की गई। जिसमें महाराष्ट्र राज्य के भायंदर जिले में एक व्यक्ति को व्हाट्सएप पर जॉब का लालच देकर उससे रकम मंगवाई गई। जिसमें पहले संबंधित व्यक्ति से 15900 रुपये मंगवाए गए। इसके बाद जब दूसरी बार रुपये देने के लिए कहा गया। शक होने पर संबंधित व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दर्ज की। इसी तरह तेलांगना राज्य के हैदराबाद सिटी के फिल्मनगर थाने में शिकायत दर्ज की गई। जिसमें बताया गया कि व्हाट्सएप पर जॉब का लालच देकर उससे 10000 रुपये मंगवाए गए। इसी तरह 10000 रुपये का एक और लेन देन हुआ। पुलिस जांच में जिस खाते में रकम ट्रांसफर की गई वह कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चिमनदुबे निवासी संदीप कुमार का था। इन मामलों में पीड़ितों से नौकरी, प्रीपेड टास्क और व्हाट्सऐप-टेलीग्राम लिंक के जरिए पैसे जमा कराए गए थे। पुलिस के अनुसार संदिग्ध खाते का उपयोग वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर अपराध, नौकरी के नाम पर ठगी, लालच, फिशिंग और एपीके फाइल स्कैम जैसे मामलों में धन के आवागमन के लिए किया जा रहा था। कोतवाली प्रभारी हरिशंकर चंद ने बताया कि एसआई शिवम सिंह सेंगर की जांच के आधार पर संदीप कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच इंस्पेक्टर क्राइम विवेक कुमार मौर्य को सौंपी गई है। पुलिस ने बैंक को खाता फ्रीज कराने और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।