जालौन के प्राचीन मंदिर की दीवार समेत मेहराब भरभराकर गिरी,,यह बताई गई वजह

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन में पिछले दिनों लगातार तीन दिन तक हुई बारिश के बाद दीवारों में आई नमी ने नगर के एक प्राचीन मंदिर को भी नुकसान पहुंचा दिया। रविवार देर रात मोहल्ला गणेशजी स्थित लगभग 150 वर्ष पुराने राधा-कृष्ण मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार की दीवार मेहराब सहित अचानक भरभराकर ढह गई। हादसा रात के समय होने से बड़ा अनहोनी टल गई।
मोहल्ला गणेशजी में भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष निशा माहेश्वरी के आवास के पास प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर स्थित है। स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर का निर्माण करीब डेढ़ सौ वर्ष पूर्व कराया गया था। भले ही यहां श्रद्धालुओं की संख्या अधिक नहीं रहती, लेकिन प्रतिदिन सुबह-शाम नियमित रूप से पूजा-अर्चना होती है और आसपास के लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। समय के साथ मंदिर की दीवारें काफी जर्जर हो चुकी हैं। पिछले दिनों लगातार तीन दिन तक हुई बारिश के कारण दीवारों में नमी भर गई थी। रविवार की रात करीब एक बजे अचानक मुख्य प्रवेश द्वार की दीवार और उसके ऊपर बनी मेहराब तेज आवाज के साथ भरभराकर गिर गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले तो मंदिर के प्रवेश द्वार का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मंदिर का भवन काफी पुराना हो चुका है और अब इसके जीर्णाेद्धार की आवश्यकता है। समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो शेष हिस्सा भी गिर सकता है। नगर के लोगों का कहना है कि यह मंदिर लोगों की धार्मिक आस्था का केंद्र है, इसलिए इसकी सुरक्षा और संरक्षण आवश्यक है। जब तक मंदिर का जीर्णोद्धार नहीं होता है तब तक इस मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की भी मांग उठाई गई है।