जालौन सीएचसी में लखनऊ से आई विशेषज्ञ टीम ने किया निरीक्षण,,लिया व्यवस्थाओं का जायजा

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन का तकनीकी मूल्यांकन किया गया। लखनऊ तकनीकी सहायता इकाई की विशेषज्ञ टीम ने अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने विशेष रूप से एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, उपचार और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
लखनऊ से आई तकनीकी सहायता इकाई की सदस्य डॉ. रेनू, डॉ. दीक्षा और डॉ. सुरभि ने अस्पताल पहुंचकर लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, ओपीडी, प्रसवोत्तर वार्ड (पीएनसी), जनरल वार्ड, एनबीएसयू, लैब और महिला चिकित्सक डॉ. गरिमा सिंह के कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, साफ, सफाई, आवश्यक उपकरणों, दवाओं की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, नियमित प्रसव पूर्व जांच, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान और रेफरल व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान खून की कमी (एनीमिया) मातृ मृत्यु का एक प्रमुख कारण है। यदि समय रहते इसकी पहचान कर उपचार किया जाए तो गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा सकता है। टीम ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से हाई रिस्क गर्भवतियों की निगरानी रखें। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रत्येक गर्भवती महिला का समय पर पंजीकरण कराएं, नियमित जांच के लिए प्रेरित करें एवं आयरन एवं फोलिक एसिड की दवाओं का नियमित सेवन सुनिश्चित कराएं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में प्रसव सेवाओं, नवजात शिशुओं की देखभाल, रिकॉर्ड का रख रखाव, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं एवं स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ. राजीव दुबे, डॉ. विनोद राजपूत, डॉ. सहन बिहारी गुप्ता, डॉ. योगेश आर्या, डॉ. गरिमा सिंह, पी.एन. शर्मा, अवधेश राजपूत, स्टाफ नर्स रेनू चौहान, सचिन आदि रहे।