ऑटो को साइड न देने पर हुई मारपीट, जातिसूचक शब्द कहने का आरोप, मामला दर्ज,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र के पहाड़पुरा गांव में ऑटो को साइड न देने को लेकर हुए विवाद में मारपीट और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ऐदलपुर निवासी रोहित वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह बीती नौ जुलाई की रात करीब दस बजे ऑटो से अपने गांव ऐदलपुर जा रहा था। उसके साथ आशीष गुर्जर और नरेश भी थे। जैसे ही ऑटो पहाड़पुरा गांव के पास पहुंचा। तो वहां ऑटो को साइड न देने को लेकर पहाड़पुरा निवासी सचित सक्सेना और उनके साथी सर्वेश, शिवम, विकास व अभिनव ने ऑटो को रुकवा लिया और शराब के लिए 500 रुपये मांगने लगे। मना करने पर जातिसूचक गालियां दीं और कहा कि 500 रुपये नहीं दिए तो उसे मारेंगे। इसके बाद सभी ने ऑटो से खींचकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। सचिन ने पास पड़े डंडे से रोहित के सीधे हाथ पर वार किया, जिससे गंभीर चोट आई। शोर सुनकर ऑटो में बैठे आशीष और नरेश बाहर आए तो सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।