सावन माह पर जालौन में निकली भव्य कांवड़ यात्रा,, हर हर महादेव के नारों से गूंज उठा नगर

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में सावन माह के पावन अवसर पर जय बाबा वैद्यनाथ अमरदानी ग्रुप के तत्वावधान में नगर में कांवड़ यात्रा निकाली गई। भगवान भोलेनाथ के जयघोष, डमरू की धुन और ‘हर-हर महादेव’ व ‘बोल बम’ के जयघोष से पूरा नगर शिवमय हो उठा।
कांवड़ यात्रा का शुभारंभ नगर के बड़ी माता मंदिर परिसर से विधि-विधान के साथ किया गया। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व भगवान शिव का पूजन-अर्चन, रुद्राभिषेक एवं आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालु कंधों पर कांवड़ लेकर भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा बड़ी माता मंदिर से छोटी माता मंदिर, सब्जी मंडी, तहसील रोड, कांजी हाउस, देवनगर चौराहा होते हुए पेट्रोल टैंक स्थित हनुमानजी मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। शिवभक्त भजनों की धुन पर नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे थे, जबकि डीजे पर बज रहे शिव भक्ति गीतों से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया। नगर के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर शीतल पेयजल, फल, शरबत एवं फलाहार की व्यवस्था की गई। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी सड़कों के किनारे खड़े होकर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। यात्रा में दीपू पुरवार, बालमुकुंद चौरसिया, मनीष धूसर, पवन कुमार आदि शिवभक्त शामिल रहे।