रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today। जालौन क्षेत्र में नोटिस तामील कराने जा रहे तहसील कर्मचारी के साथ एक युवक ने अभद्रता करते हुए उसके सिर पर ईंट से प्रहार कर दिया। हमले में तहसील कर्मचारी घायल हो गया। कर्मचारी ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुरा निवासी रामअवतार ने पुलिस को बताया कि वह तहसील में तामील अरिंदा के पद पर कार्यरत है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे वह नोटिस तामील कराने के लिए ग्राम टिकरी मुस्तकिल जा रहा था। तभी प्रतापपुरा के पास स्थित पेट्रोल टैंक के पास कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मुरलीमनोहर निवासी युवक दीपक ने उसे रोक लिया और उसके साथ गाली, गलौज करने लगा। जब उन्होंने गाली देने से मना किया तो उसने हाथपाई शुरू कर दी। इसी दौरान उसने पास में पड़ी ईंट से उसके सिर पर प्रहार कर दिया। ईंट से किए गए हमले में उसके सिर में चोट आई हैं। इसकी जानकारी उसने तत्काल यूपी 112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही युवक वहां से अपनी बाइक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया और उसे कोतवाली ले आई। पुलिस ने घायल कर्मचारी का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि तहरीर मिली है, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।





