जालौन में व्यापारी से हुई लूट : आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, संदिग्धों से हो रही पूंछतांछ

Oplus_131072

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में तीन दिन पूर्व नगर में व्यापारी के घर के बाहर स्कूटी पर रखा डेढ़ लाख रुपये से भरा झोला लेकर फरार हुए बदमाशों की तलाश में पुलिस लगातार सक्रिय हैं। पुलिस आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
28 जुलाई की रात झंडा चौराहे के पास रमा जनरल स्टोर संचालक दिलीप कुमार अग्रवाल के घर के बाहर स्कूटी पर रखा करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी से भरा झोला तीन नकाबपोश बदमाश बाइक से लेकर फरार हो गए थे। वारदात के बाद से पुलिस लगातार घटना से जुड़े हर पहलू की जांच में जुटी है। पुलिस टीम ने घटनास्थल से लेकर संभावित भागने वाले रास्तों तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर उनका बारीकी से परीक्षण शुरू कर दिया है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी कर रही है, जिससे घटना में शामिल बदमाशों तक पहुंचा जा सके। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि हर बिंदु को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस टीमों के साथ ही सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम के साथ ही सर्विलांस व स्वाट टीम लगातार सक्रिय है। शीघ्र ही घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।