जालौन क्षेत्र में ट्रैक्टर चालक ने मारी बाइक को टक्कर, लापरवाही का आरोप, मामला दर्ज

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही पूर्वक ट्रैक्टर चलाते हुए बाइक चालक को टक्कर मार देने और हादसे में बाइक चालक और उसके साथी के घायल होने के मामले में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी ट्रैक्टर व उसके चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुरा निवासी किशोरी लाल ने पुलिस को बताया कि वह बीती 14 जून को अपने साथी बाबूराम के साथ किसी काम के चलते उरगांव गए थे। शाम को उरगांव से बाइक से वापस लौटते समय जब वह पहाड़पुरा रोड पर स्थित नलकूप के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर के चालक ने तेजी व लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी। हादसे में वह व उनके साथी बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए थे। उन्हें पहले सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से उन्हें उरई फिर झांसी रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से ट्रैक्टर लेकर भाग गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर व उसके चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।