रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन के सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मेधावी छात्राओं की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यूपी बोर्ड परीक्षा में 93.33 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में आठवां स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा आयुषी सेंगर, 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली रमा यादव और 90.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली सृष्टि पटेल और स्वाति सेंगर को शील्ड मेडल और गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा मेधावी छात्राओं ने विभिन्न विषयों में भी शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। आयुषी सेंगर ने अंग्रेजी विषय में 99 अंक प्राप्त किए, जबकि रमा यादव ने गणित विषय में 100 में से 100 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और लगन ही उनकी सफलता का आधार होती है। बोर्ड परीक्षा में छात्राओं ने जिस तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, उससे अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में भी इसी तरह परिश्रम करते हुए विद्यालय और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधक जगत सिंह यादव ने छात्राओं की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस मौके पर शिवेंद्र प्रताप सिंह, कुलदीप सिंह, सुमित, संगीता, प्रशांत दिवाकर, संतोष, रविंद्र, महेश, कनीश, सुनील आदि रहे।










