भारी बारिश के बीच कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी का छात्रावासों में ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण; कौटिल्य ब्वॉयज और आम्बेडकर गर्ल्स हॉस्टल की परखीं व्यवस्थाएं

Oplus_131072

दोनों छात्रावासों में कुलपति ने छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर किया भोजन; मेस, रसोई, खाद्य सामग्री और साफ-सफाई का लिया गहन जायजा

Lucknow news today ।लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने आज मूसलाधार बारिश के बीच छात्रावासों की वास्तविक स्थिति और व्यवस्थाओं को परखने के लिए प्रशासनिक दल के साथ सघन औचक निरीक्षण किया। विश्वविद्यालय के कुलपति श्री सैनी ने द्वितीय परिसर स्थित कौटिल्य ब्वॉयज छात्रावास एवं डॉ. बी.आर. आम्बेडकर गर्ल्स छात्रावास का विस्तृत मुआयना किया।


इस औचक निरीक्षण दल में कुलपति के साथ विश्वविद्यालय निर्माण विभाग के अधीक्षक प्रो. विनीत वर्मा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) प्रो. अमिता कनौजिया तथा कुलानुशासक (प्रॉक्टर) प्रो. अभिषेक तिवारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

छात्रों के साथ किया भोजन और खाद्य सामग्री की गहन जांच:

निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी ने रसोई और मेस की कार्यप्रणाली का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने मेस में विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता, शुद्धता और पोषण स्तर की स्वयं जांच की। इसके बाद उन्होंने कौटिल्य ब्वॉयज हॉस्टल और डॉ. बी.आर. आम्बेडकर गर्ल्स हॉस्टल दोनों स्थानों पर विद्यार्थियों के बीच बैठकर मेस की थाली में भोजन ग्रहण किया।


कुलपति महोदय ने मेस के स्टोर रूम में रखी कच्ची खाद्य सामग्री, दाल, चावल, मसाले, तेल के पैकेटों की ब्रांडिंग और एक्सपायरी डेट की गहन पड़ताल की। मेस संचालन से जुड़े कर्मचारियों एवं रसोइयों को दो-टूक निर्देश दिए गए कि छात्रों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और रसोई परिसर में शत-प्रतिशत स्वच्छता (हाइजीन) हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद और समस्याओं का निस्तारण:

कुलपति श्री सैनी ने छात्रावासों के डाइनिंग हॉल, आवासीय कमरों, गलियारों और रीडिंग एरिया का भ्रमण कर विद्यार्थियों से सीधा व आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने अंतःवासियों से शुद्ध पेयजल, विद्युत आपूर्ति, वॉशरूम की नियमित सफाई तथा अध्ययन के माहौल को लेकर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों ने कुलपति के इस जमीनी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के शीर्ष प्रशासनिक पद पर आसीन कुलपति स्वयं बारिश के बावजूद उनके बीच पहुंचे हैं और उनकी समस्याओं को सुनकर मौके पर समाधान कर रहे हैं। निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि बारिश के मौसम को देखते हुए जल-जमाव, सीलन और विद्युत वायरिंग से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को अविलंब दुरुस्त कराया जाए।कौटिल्य हॉस्टल में छात्रों से संवाद करते हुए कहा उनकी जितनी भी समस्याएं हैं वो सारी संकलित कर अपने प्रोवोस्ट को सौंप दें और प्रशासन जल्द से जल्द उनका समाधान करेगा |

विश्वविद्यालय प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव का आधिकारिक बयान:

इस विस्तृत निरीक्षण अभियान के संदर्भ में जानकारी देते हुए लखनऊ विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने बताया: कि”लखनऊ विश्वविद्यालय अपने सभी छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास, सुरक्षा और बेहतर आवासीय सुविधाओं के लिए पूर्णतः संकल्पबद्ध है। हमारा ध्येय है कि छात्रावासों में रहने वाले अंतःवासियों को घर जैसा सुरक्षित, स्वच्छ और शांत शैक्षणिक वातावरण मिले। इसी क्रम में आज कौटिल्य ब्वॉयज हॉस्टल, डॉ. बी.आर. आम्बेडकर गर्ल्स हॉस्टल औचक निरीक्षण किया गया। कुलपति जी ने स्वयं छात्र-छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की पड़ताल की। प्रशासन छात्रावासों में ‘त्वरित शिकायत निवारण’ (Quick Grievance Redressal) तंत्र पर कार्य कर रहा है, ताकि मेस, पेयजल अथवा स्वच्छता से जुड़े किसी भी मुद्दे का समाधान उसी दिन सुनिश्चित किया जा सके। विद्यार्थियों के हितों, स्वास्थ्य और सुरक्षा के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”


पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़