जालौन के इस विद्यालय के बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश स्टाल लगाकर वितरित की सीड बॉल

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। जालौन के कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय मुरलीमनोहर में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों को सीड बॉल का वितरण किया।
कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र हसन, आकिब, आतिफ, नाजिया, आलिया, नाजमीन, अहमद ने मिट्टी में नीम, अर्जुन, जामुन, आम आदि के बीज मिलाकर बड़ी संख्या में सीड बॉल तैयार किए। इसके बाद विद्यालय के बाहर से गुजरने वाले लोगों को सीड बॉल वितरित करते हुए उनसे अपील की कि वे इन्हें अपने आसपास खाली स्थानों, खेतों की मेड़ों, पार्कों या अन्य उपयुक्त स्थानों पर रोपित करें, ताकि अधिक से अधिक पौधे तैयार हो सकें। बच्चों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का भी आह्वान किया। विद्यालय के शिक्षक विद्यासागर मिश्रा, प्रशांत पुरवार, अर्चना राय, आनंद, अर्चना सीरोठिया आदि ने बताया कि सीड बॉल ऐसी तकनीक है, जिसके माध्यम से बीजों को मिट्टी के गोले में सुरक्षित रखकर कहीं भी फेंका या रोपा जा सकता है। अनुकूल मौसम और नमी मिलने पर इन बीजों से पौधे विकसित हो जाते हैं, जिससे हरित क्षेत्र बढ़ाने में मदद मिलती है। इस मौके पर वीरबहादुर, आनंद, सोमिल, राहुल, प्रतीक आदि मौजूद रहे।