रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी वाहन संचालक ओवरलोडिंग से बाज नहीं आ रहे हैं। फोर लेन के साथ ही बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से होकर भी ओवरलोड ट्रकों का लगातार संचालन हो रहा है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही व सीओ माधौगढ़ अम्बुज यादव की टीम ने दो दिनों में 13 ओवरलोड बालू के डंपरों को पकड़ा है। पकड़े गये डंपरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को सूचना दी गई है।
ओवरलोड बालू के ट्रकों के संचालन पर रोक लगाने के लिए खनन विभाग व परिवहन विभाग के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी प्रयास कर रहे हैं। इन तमाम प्रयासों के बाद भी वाहन संचालक ओवरलोडिंग करने से नहीं रूक रहे हैं। प्रतिदिन फोरलेन के साथ ही बुंदेलखंड एक्सप्रेस होकर भी ओवरलोड डंपरों का संचालन हो रहा है। हालांकि पांच मई को ज्वाइनिंग के बाद से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही द्वारा ओवरलोडिंग के खिलाफ की गई कार्रवाई से ओवरलोड वाहनों के संचालन में कमी तो आई है लेकिन पूर्ण रोक नहीं लग सकी है। रविवार व सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही व सीओ माधौगढ़ अम्बुज यादव ने छिरिया सलेमपुर के पास बुंदेलखंड एक्स्प्रेस वे पर ओवरलोडिगं के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने 13 ओवरलोड बालू के डंपरों को पकडा गया। ओवरलोड डंपरों के पकड़े जाने के बाद इसकी जानकारी खनन विभाग व परिवहन विभाग के अधिकारियों को दी गई है। पकड़े गए ओवरलोड ट्रकों को पुलिस के सुपुर्द कर मंडी परिसर में खड़ा करा दिया गया है।






