जालौन क्षेत्र में खेतों के ऊपर झूलती हाईटेंशन लाइन बनी किसानों के लिए परेशानी का सबब,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में खजुरी के पास खेतों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन किसानों के लिए खतरा बनती जा रही है। तार नीचे झूल जाने से किसानों को खेती-किसानी के कार्य करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। यहां से खेतों में ट्रैक्टर या अन्य कृषि यंत्र ले जाना भी जोखिम भरा हो गया है। प्रधान समेत किसानों ने बिजली निगम को शिकायती पत्र भेजकर तार ऊंचे कराने की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत खजुरी के प्रधान कमलेश कुमार समेत किसान लालाराम, लाखन सिंह, शहीद खान, कुक्कू राजा आदि ने बिजली निगम को शिकायती पत्र भेजकर लिखा कि खजुरी के पास से खेतों से होकर बिजली की हाईटेंशन लाइन वीरपुरा की ओर गई है। खेतों के ऊपर से निकली इस हाईटेंशन लाइन के तार ढीले होकर काफी नीचे आ गए हैं। कई जगह तार लगभग पांच से छह फीट की ऊंचाई तक झूल रहे हैं, जिससे खेतों में काम करते समय हादसे का डर बना रहता है। तार नीचे होने के कारण खेतों में कृषि यंत्रों को ले जाना भी जोखिम भरा हो गया है। जिसमें ट्रैक्टर आदि को तारों से छू जाने का भय बना रहता है। कुछ समय बाद बारिश भी शुरू हो सकती है। ऐसे में बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खतरनाक हो सकती है, क्योंकि हल्की सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। किसानों ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। यदि समय रहते तार ऊंचे नहीं कराए गए तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। किसानों ने बिजली निगम से मांग की है कि जल्द से जल्द मौके पर टीम भेजकर हाईटेंशन लाइन के तारों को ऊंचा कराया जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।