
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में लाइन में खराबी आने के कारण बालाजी फीडर की बिजली आपूर्ति लगभग 12 घंटे बंद रही। वहीं, बिजलीघर में ब्रेकडाउन होने से पूरे नगर की बिजली आपूर्ति लगभग छह घंटे बंद रही। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति लगभग 20 घंटे से बंद हैं। नगर में बिजली आपूर्ति जहां दोपहर करीब 12 बजे शुरू हो गई। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति शाम तक बाधित रही। बिजली न आने से नगर में पेयजल के लिए भी लोग परेशान हुए। ।
शुक्रवार की सुबह से लगातार हो रही बारिश के चलते नगर की बिजली आपूर्ति पटरी से उतर गई है। शुक्रवार रात से बिजली आपूर्ति बाधित होने से सामान्य जन जीवन प्रभावित हो गया है। शुक्रवार को दिन में बारिश के चलते बिजली की लुकाछिपी का खेल चलता रहा। रात करीब साढ़े 11 बजे अचानक बालाजी फीडर में फाल्ट आ गया जिससे चुर्खी रोड समेत मोहल्ला हरीपुरा, जोशियाना, फर्दनवीस, भवानीराम, चुर्खीबाल की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके अलावा कई मोहल्लों में लो वोल्टेज की समस्या आई। वहीं, शनिवार को सुबह लगभग छह बजे अचानक बिजलीघर में ब्रेक डाउन होने के चलते नगर के सहावनाका और बैठगंज फीडर की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। बालाजी फीडर की शुक्रवार को मध्य रात्रि से और अन्य फीडर की शनिवार की सुबह से गायब हुई बिजली शनिवार को दोपहर लगभग 12 बहाल हुई। इसके बाद भी लुकाछिपी का खेल चलता रहा। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मरम्मत कर नगर की बिजली आपूर्ति तो शुरू कर दी। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति शनिवार की शाम तक बहाल नहीं हो सकी। बारिश के दौरान नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप होने से नगर की जलापूर्ति पर भी प्रभाव पड़ा। सुबह के समय लोगों को पेयजल के परेशान होना पड़ा और उन्हें हैंडपंप का सहारा लेना पड़ा। जेई केके वर्मा ने बताया कि बालाजी फीडर में खराबी आने के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। जिसे ठीक कर लिया गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जा रही है, बारिश के चलते पेट्रोलिंग प्रभावित हुई थी। जल्द ही फाल्ट ढूंढकर ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़




