रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today। जालौन नगर के स्थानीय इंडियन बैंक से रुपये निकालकर लौट रहे रिटायर्ड शिक्षक को बातों में उलझा कर 25 हजार रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहाव निवासी रिटायर्ड शिक्षक अयोध्या प्रसाद वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह बीती दो सितंबर को दोपहर करीब एक बजे इंडियन बैंक की मुख्य शाखा में रुपये निकालने गए थे। जब वह बैंक में बैठकर वह विड्राल फॉर्म भर रहे थे तभी नीले रंग का अंगौछा डाले एक अंजान व्यक्ति उनके पास बैठ गया और हालचाल पूछने के बहाने उनका फॉर्म देख कर चला गया। उन्होंने खाते से 25,000 रुपये निकाल कर काले रंग के बैग में रखे और बाहर आए। तो वही व्यक्ति बाहर एक बाइक सवार व्यक्ति से बात कर रहा था। इसके बाद वह बाजार में भेड़ वाला फाटक के पास कैलकुलेटर में सैल डलवाने लगे और बैग नीचे रख दिया। इसी दौरान वही अंजान व्यक्ति वहां आया और उसे गुमराह करके उसका रुपयों से भरा बैग चोरी कर लिया। कुछ देर बाद जब उन्होंने बैग देखा तो उनका बैग गायब था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुलाई में भी हुई थी घटना, मामला दर्ज, तलाश शुरू
जालौन। कॉलेज फीस जमा करने आई एक छात्रा की स्कूटी की डिग्गी से 30,000 रुपये चोरी होने के ममाले में पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर अज्ञात स्कूटी सवार दो युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस युवकों की तलाश कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गणेशजी निवासी धीरेश सक्सेना ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी नित्या सक्सेना बीती 31 जुलाई 2026 को कांजी हाउस चौराहे पर स्थित स्टेट बैंक के एटीएम से 30,000 रुपये निकालकर अपनी स्कूटी की डिग्गी में रखकर तहसील के पास स्थित एक सीएससी सेंटर पर कॉलेज की फीस का फार्म भरने गई थी। स्कूटी दुकान के बाहर खड़ी कर वह फार्म भरने लगी, तभी दिन दहाड़े एक व्यक्ति वहां आया और बेटी को अपनी बातों में उलझा लिया। फीस जमा कर जब वह बाहर आई तो तो स्कूटी की डिग्गी खुली हुई थी और उसमें रखे 30,000 रुपये गायब थे। देखने पर वही व्यक्ति अपने साथी के साथ सिल्वर रंग की स्कूटी पर पीछे बैठकर तेजी से जाता दिखा। काफी तलाश के बाद जब कोई सुराग नहीं लगा। लगभग डेढ़ महीने बाद पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर स्कूटी सवार दो युवकों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधर पर युवकों की तलाश कर रही है।





