रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के इस गांव में विकास कार्यों में अनियमिता और अधूरे निर्माण की जांच सचिव द्वारा अभिलेख न देने से अटकी हुई है।
विकास खंड की ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता और कार्य अधूरा छोड़ने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास)/पदेन जिला प्रबंधक (उप्र अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम लि.) ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी जालौन को पत्र जारी किया है। कुठौंदा बुजुर्ग निवासी शिकायतकर्ता गजेंद्र सिंह सेंगर द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, गांव में इंटरलाकिंग निर्माण कार्य मानक के अनुसार नहीं कराया गया है। इसके अलावा, हरी सिंह के मकान से लेकर मनमोहन सिंह के खेत से बेबू के खेत तक चकरोड पर मिट्टी डालने का कार्य और भुवनमोहन कुशवाहा के मकान से रामशरण कुशवाहा के मकान तक नाली निर्माण का कार्य अभी तक अधूरा पड़ा हुआ है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पत्र में स्पष्ट किया है कि इस गंभीर मामले की जांच के लिए संबंधित ग्राम पंचायत सचिव से आवश्यक अभिलेख मांगे गए थे, लेकिन सचिव द्वारा अभी तक कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया गया है। अभिलेख न मिलने के कारण मामले की जांच बाधित हो रही है। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी से अपेक्षा की है कि वे उल्लेखित बिंदुओं से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख संबंधित सचिव से प्राप्त कराकर तत्काल उनके कार्यालय को उपलब्ध कराएं।





