सड़क किनारे खड़ी बाइक में ट्रैक्टर ने मारी टक्कर,, पास खड़ी महिला घायल

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन के बंगरा मार्ग पर बुधवार देर रात सड़क किनारे खड़ी बाइक में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में बाइक के पास खड़ी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
बुधवार रात करीब नौ बजे जालौन-बंगरा मार्ग पर माधौगढ़ निवासी अनिल कुमार अपने साथ रिश्तेदार मीना कुमारी पत्नी कमलेश को लेकर माधौगढ़ की ओर जा रहे थे। जब बाइक लेकर छिरिया सलेमपुर के पास स्थित पेट्रोल टैंक के पास पहुंचे। तभी मीना कुमारी को लघुशंका की आवश्यकता महसूस होने पर उन्होंने बाइक सड़क के नीचे खड़ी कर दी और वह कुछ दूर जाकर खड़े हो गए। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर जालौन मंडी से अनाज बेचकर बंगरा की ओर जा रहा था। जब वह पेट्रोल टैंक के नजदीक पहुंचा तो तेज रफ्तार ट्रैक्टर बेकाबू हो गया। चालक ने पहले बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद बेकाबू होकर ट्रैक्टर सड़क किनारे खाई में पलट गया। वहीं, ट्रैक्टर की चपेट में आकर महिला मीना कुमारी भी घायल हो गई। सूचना मिलते ही छिरिया मलकपुरा चौकी प्रभारी आलोक पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल महिला को सीएचसी पहुंचाया। वहीं, ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला।

अलग अलग सड़क दुर्घटना में महिला और युवक घायल

जालौन। अलग अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला और एक युवक बाइक से गिरकर घायल हुए। घायलों को राहगीरों की मदद से सीएचसी पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहाव निवासी दीपक किसी काम के चलते अपनी पत्नी रिंकी को बाइक पर बैठाकर जालौन आ रहे थे। जब वह बाइक लेकर सहाव मोड़ के पास पहुंचे तभी रिंकी अचानक असंतुलित होकर चलती हुई बाइक से गिरकर घायल हो गई। उधर, करनपुरा निवासी जवान सिंह गुरूवार की दोपहर किसी काम के चलते बाइक लेकर जालौन की ओर आ रहे थे। रास्ते में अचानक से बाइक के सामने जानवर आने पर उन्होंने बाइक को रोकने का प्रयास किया। अचानक ब्रेक लगाने से बाइक फिसल गई और वह बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।