Jalaun माधौगढ़ तहसील के असहना गांव में 15 दिन से बिजली ठप, ग्रामीण परेशान

रिपोर्ट प्रिंस द्विवेदी

Orai / Jalaun news today । जालौन जनपद के माधौगढ़ तहसील के अंतर्गत आने वाले असहना गांव में ओलावृष्टि वाले दिन आए आंधी-तूफान के कारण बिजली के खंभे टूट गए थे। इसके चलते पिछले 15 दिनों से पूरे गांव में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। बिजली न होने से ग्रामीणों को पेयजल जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अधिकारियों की उदासीनता के चलते अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विवाह समारोह का सीजन होने के कारण बुजुर्गों, बच्चों और अन्य लोगों को और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


आरोप है कि 15 अप्रैल को एसडीओ को सूचना देने के बाद बिजली के खंभे तो गांव में पहुंचा दिए गए, लेकिन जेई और लाइनमैन की लापरवाही के चलते अब तक उन्हें लगाया नहीं गया है। ग्रामीणों के अनुसार, जेई को फोन करने पर या तो कॉल उठाया नहीं जाता, और यदि बात हो भी जाती है तो केवल “जल्द ठीक कर देंगे” कहकर टाल दिया जाता है, जबकि यही स्थिति पिछले 15 दिनों से बनी हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि विभाग की लापरवाही के कारण अन्य स्थानों पर भी विरोध प्रदर्शन और जाम लगाए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है।


असहना गांव के विपिन भारद्वाज, रामनरेश, अमर सिंह भदौरिया, विश्वजीत, रामकुमार भारद्वाज, शिवराम परिहार और भगवानदास परिहार सहित कई ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे कल तहसील में पहुंचकर धरना प्रदर्शन करेंगे।