Jalaun : लोकार्पण के इंतजार में बनकर तैयार ताई बाई प्रवेश द्वार,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन नगर की प्रथम महिला शासिका ताईबाई के नाम पर उरई-जालौन फोरलेन पर भिटारा के पास बनाए गए भव्य प्रवेश द्वार के लोकार्पण का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। लगभग 78 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह प्रवेश द्वार अब लगभग पूरी तरह तैयार हो चुका है, लेकिन पिछले एक माह से अधिक समय से उद्घाटन न होने के कारण नगरवासियों में उत्सुकता बनी हुई है।
नगर के लोग लंबे समय से प्रथम महिला शासिका ताईबाई की स्मृति को सहेजने की मांग करते रहे हैं। लोगों का कहना है कि नगर की नई पीढ़ी को ताईबाई के शौर्य, नेतृत्व और इतिहास से परिचित कराने के लिए उनकी प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके योगदान को याद रख सकें। हालांकि यह मांग अब तक पूरी नहीं हो सकी है, लेकिन उनके नाम पर प्रवेश द्वार का निर्माण नगरवासियों के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा की पहल पर विधायक निधि से लगभग 78.2 लाख रुपये की लागत से इस प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य पिछले वर्ष मई माह में शुरू कराया गया था। शुरुआती दौर में निर्माण कार्य तेजी से चला, लेकिन जुलाई में बरसात शुरू होने के कारण काम कुछ समय के लिए रुक गया था। बारिश समाप्त होने के बाद दोबारा निर्माण शुरू हुआ और अब प्रवेश द्वार लगभग बनकर तैयार हो चुका है। लोगों को उम्मीद है कि इसका लोकार्पण होने के बाद यह प्रवेश द्वार नगर को ऐतिहासिक पहचान देगा। इस बाबत सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने बताया कि प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। उद्घाटन से संबंधित पत्थर तैयार कराए जा रहे हैं और शीघ्र ही इसका लोकार्पण कराया जाएगा।