Shamli news today । UP के शामली जनपद में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक कबड्डी खिलाड़ी मोनू की गोलियां मार कर हत्या कर दी है। बताया जा रहा है कि मोनू अपने गांव की एक लड़की से मुहब्बत करता था. मोनू की प्रेमिका उससे इंस्टा के जरिए कॉल-चैट करती थी. घर के किसी भी सदस्य का मोबाइल लेकर वह बात करती और अकाउंट लॉगआउट कर देती थी. एक दिन चचेरे भाई कार्तिक के मोबाइल में उसका अकाउंट लॉगिन रह गया. उधर मोनू ने चैटिंग शुरू की तो इश्क़ का राज खुल गया. मोनू कार्तिक के साथ ही कबड्डी खेला करता था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शुरुआत में विवाद हुआ मगर जब बात गर्लफ्रेंड के पिता तक पहुंची तो ताऊ के कहने पर कार्तिक ने अपने 2 साथियों के साथ मिलकर आज मोनू की गोलियां चलाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एसपी ने मीडिया को दी ये जानकारी

शामली जनपद में हुई इस घटना के सम्बंध में एसपी शामली ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि “आज थाना कांधला क्षेत्रान्तर्गत नाला-ककडीपुर रजवाहा पटरी पर एक युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना कांधला पुलिस, फील्ड यूनिट एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य संकलित करते हुए घटना के शीघ्र अनावरण हेतु पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए घटना का सफल अनावरण कर हत्या में शामिल मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूछताछ एवं साक्ष्यों के आधार पर यह तथ्य प्रकाश में आया कि मृतक का अभियुक्त के ताऊ की पुत्री के साथ प्रेम-प्रसंग था, जिसको लेकर पूर्व में भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते अभियुक्त कार्तिक ने अपने साथियों अर्जुन एवं सत्यम के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से इस घटना को अंजाम दिया। विवेचना के दौरान यह भी सामने आया है कि अभियुक्त ओमपाल को घटना की योजना एवं उसके क्रियान्वयन की जानकारी थी, किन्तु उसने उक्त महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस से छिपाई। प्रकरण में उसकी भूमिका की भी विधिक रूप से जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घटना में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस जघन्य अपराध में संलिप्त प्रत्येक अभियुक्त के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”





