रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today। जालौन नगर में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने व्यापारी को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। मंगलवार की रात दुकान बंद कर पिता के साथ घर लौटे जनरल स्टोर संचालक की स्कूटी पर रखा करीब डेढ़ लाख रुपये नकदी से भरा झोला तीन नकाबपोश बदमाश पलक झपकते ही लेकर भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार जालौन कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पुरानी नझाई निवासी दिलीप कुमार अग्रवाल की झंडा चौराहे के पास रमा जनरल स्टोर के नाम से दुकान है। रोज की तरह मंगलवार रात करीब नौ बजे वह अपने पिता रमाशंकर अग्रवाल के साथ दुकान बंद कर स्कूटी से घर पहुंचे। घर के बाहर स्कूटी खड़ी कर उन्होंने रुपये और अन्य सामान से भरा झोला उसी पर रखा और स्कूटी रखने के लिए गैरेज का दरवाजा खोलने लगे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाश बाइक से वहां पहुंचे। जैसे ही व्यापारी का ध्यान दरवाजा खोलने में लगा, बदमाशों ने तेजी से स्कूटी पर रखा झोला उठाया और बाइक पर बैठकर भाग निकले। जब तक व्यापारी ने मामले को समझकर बाइक का पीछा किया तब तक तीनों वहां से फरार हो गए। व्यापारी दिलीप अग्रवाल ने बताया कि झोले में लगभग डेढ़ लाख रुपये की नकदी, स्टील की पानी की बोतल, टिफिन और अन्य आवश्यक सामान रखा था। झोला मेहंदी रंग का था।घटना की सूचना तत्काल कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते सीओ अजय कुमार सिंह, कोतवाल हरिशंकर चंद, चौकी प्रभारी मनीष तिवारी व पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने व्यापारी से घटना की जानकारी ली और रास्ते में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। सीसीटीवी फुटेज में तीन नकाबपोश बदमाश बाइक से भागते हुए दिखे। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मोहल्ले के लोगों की मानें तो बदमाश पहले ही से रेकी कर रहे थे। जैसे ही व्यापारी का दरवाजा खोलने में व्यस्त हुए तभी बदमाश झोला लेकर भाग निकले।
सीओ ने कही यह बात
इस बाबत सीओ अजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तीन संदिग्ध युवक कैमरों में दिखाई दिए हैं, जिनके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। घटना के खुलासे के लिए स्वाट व सर्विलांस समेत तीन टीमें लगी हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।




