जालौन में विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर दिलाई गई तम्बाकू न लेने की शपथ

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन नगर में शनिवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी और इससे दूर रहने का आह्वान किया। अंत में उपस्थित लोगों को तंबाकू का किसी भी रूप में सेवन न करने की शपथ भी दिलाई गई।
सीएचसी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता ने कहा कि तंबाकू सेवन आज कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बन चुका है। गुटखा, पान मसाला, बीड़ी, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों के सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारी, उच्च रक्तचाप और अन्य जानलेवा रोगों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि तंबाकू न केवल सेवन करने वाले व्यक्ति को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसलिए स्वस्थ जीवन के लिए तंबाकू से दूरी बनाना आवश्यक है। डॉ. राजीव दुबे ने कहा कि युवाओं में बढ़ती तंबाकू सेवन की प्रवृत्ति चिंता का विषय है। अक्सर लोग शौक या मित्रों के दबाव में तंबाकू का सेवन शुरू कर देते हैं, जो बाद में लत का रूप ले लेता है। उन्होंने कहा कि तंबाकू छोड़ने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और परिवार का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि कोई व्यक्ति तंबाकू छोड़ना चाहता है तो स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी आवश्यक परामर्श और सहायता उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने तंबाकू का किसी भी रूप में सेवन न करने तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। इस मौके पर डॉ. योगेश आर्या, डॉ. पीएन शर्मा, अवधेश राजपूत, प्रीति आदि रहे।