केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में प्रगति 50 पर वर्चुवल बैठक, यूपी के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने किया प्रतिभाग

उत्तर प्रदेश के सर्वाधिक 6 शहर शामिल, कानपुर को भी शामिल करने की मंत्री ए के शर्मा ने की वकालत

Lucknow news today ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर ‘प्रगति’ (प्रो एक्टिव गवर्नेंस एंड टाइमली इंप्लीमेंटेशन) पहल के 10 वर्ष और 50 एपिसोड पूर्ण होने के अवसर पर देश के 50 प्रमुख शहरों को चिन्हित कर उन्हें वैश्विक नगरों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसी क्रम में आज केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में राज्यों के नगर विकास मंत्रीगण के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक हुई, जिसमें उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रतिभाग किया।

‘प्रगति’ की परिकल्पना और इसे प्रभावी तकनीकी व्यवस्था के रूप में विकसित करने में तत्कालीन पीएमओ अधिकारी एवं वर्तमान नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रधानमंत्री जी के निर्देश पर वर्ष 2015 में श्री अरविंद कुमार शर्मा ने इस व्यवस्था को विकसित किया था। इस व्यवस्था के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकारों की महत्वपूर्ण परियोजनाओं और जनहित से जुड़े विषयों की उच्चस्तरीय समीक्षा एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाता है।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और निर्देश में “प्रगति 50” पहल के अंतर्गत देश के 50 प्रमुख शहरों को चिन्हित किया गया है। इसमें सर्वाधिक 6 शहर उत्तर प्रदेश के हैं।इन शहरों में को वैश्विक नगरों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इन शहरों में स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं को तेज गति से पूरा करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा संयुक्त रूप से निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

मंत्री ए.के. शर्मा ने बैठक में उत्तर प्रदेश के आगरा, अयोध्या, लखनऊ, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज और वाराणसी को ‘प्रगति 50’ में शामिल किए जाने का स्वागत करते हुए कानपुर को भी इस पहल में शामिल करने की वकालत की। उन्होंने कहा कि कानपुर प्रदेश का महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं ऐतिहासिक शहर है और इसे भी वैश्विक नगर की तर्ज पर विकसित किए जाने के लिए ‘प्रगति 50’ में स्थान मिलना उपयोगी होगा।

श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर, आधुनिक और विश्वस्तरीय बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। ‘प्रगति 50’ के तहत चयनित शहरों में 24×7 मैकेनाइज्ड सफाई, वैज्ञानिक ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, उपयोग किए गए पानी का बेहतर प्रबंधन, हरित परिवहन, सोलर ऊर्जा और आधुनिक नागरिक सुविधाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और प्रयागराज जैसे धार्मिक नगरों के साथ आगरा और लखनऊ को वैश्विक नगरों की तर्ज पर विकसित करने से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और इन शहरों की अन्तर्राष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी। ‘प्रगति 50’ के तहत विकसित होने वाली व्यवस्थाओं को मॉडल के रूप में देश के अन्य नगरीय निकायों में भी लागू किया जा सकेगा।

पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़