लखनऊ के हजरतगंज में यूपीपीसीबी के डिजिटल सूचना एवं जागरूकता बोर्ड का शुभारंभ

लखनऊ के तीन प्रमुख स्थलों पर मिलेगी पर्यावरण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी

 

Lucknow news today । उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र प्रताप सिंह ने आज हजरतगंज, लखनऊ में बोर्ड के डिजिटल सूचना एवं जागरूकता बोर्ड का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसहभागिता को बढ़ावा देना है।

इस अवसर पर अध्यक्ष  ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जनजागरूकता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग से पर्यावरण संबंधी संदेश अधिक व्यापक स्तर तक पहुंचाए जा सकते हैं।

इस पहल के अंतर्गत लखनऊ के हजरतगंज, समतामूलक चौराहा तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मुख्यालय, विभूति खण्ड में डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड स्थापित किए गए हैं। इन बोर्डों के माध्यम से लखनऊ के वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI), सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध जनजागरूकता, पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन,अपशिष्ट प्रबंधन, सतत् जीवनशैली तथा अन्य महत्वपूर्ण पर्यावरणीय विषयों से संबंधित जानकारियां और संदेश नियमित रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे।

डिजिटल सूचना एवं जागरूकता बोर्ड उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जनसंपर्क एवं जनजागरूकता प्रयासों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह पहल लोगों को पर्यावरणीय विषयों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगी।

कार्यक्रम में जे. पी. मौर्या, क्षेत्रीय अधिकारी,उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, लखनऊ सहित बोर्ड के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।