जालौन क्षेत्र के इस प्राथमिक विद्यालय में जलभराव, नौनिहालों की पढ़ाई हुई मुश्किल, लोगों ने लगाई एसडीएम से गुहार

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के इस प्राथमिक विद्यालय में जलभराव के कारण नौनिहालों की पढ़ाई मुश्किल हो गई है। बारिश और गांव के गंदे पानी की निकासी न होने से स्कूल परिसर तालाब में तब्दील हो गया है, जिससे बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। समस्या को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपा है।
ग्राम छानी खास निवासी नारायणदास, धीरू, तेजप्रताप सिंह, वीर प्रताप, शिवम, सचिन कुमार, हरिसिंह, राजेश कुमार, महाराज सिंह, आनंद कुमार आदि ने एसडीएम राकेश कुमार सोनी को शिकायती पत्र सौंपकर बताया कि प्राथमिक विद्यालय छानी खास के आसपास नाला न होने के कारण पूरे गांव का गंदा पानी और बरसाती पानी सीधे स्कूल परिसर में भर जाता है। ज्यादा बारिश और जलभराव रहने से कक्षाओं में पानी घुस जाता है। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने एसडीएम ने समस्या का समाधान कराने की मांग की है। इस बाबत प्रधानाध्यापक कृष्ण कुमार ने बताया कि यह समस्या हर बरसात में आती है, इस संबंध में कई बार लिखित रूप से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समाधान नहीं हुआ। वहीं, एसडीएम ने बीईओ को मौके पर जांच कर आख्या देने के निर्देश दिए हैं।