जालौन की छात्राओं ने अपने हाथों से बनाई राखी, वीर सैनिकों की कलाई पर बंधने के लिए भेजी

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । रक्षाबंधन के पर्व को देशभक्ति और भाईचारे की भावना से जोड़ते हुए एनएसटी स्कूल की छात्राओं ने भारतीय सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए विशेष पहल की है। छात्राओं ने अपने हाथों से सुंदर एवं आकर्षक राखियां तैयार कीं और इन राखियों के साथ अपने भावनात्मक विचारों को पत्रों के माध्यम से भारतीय सैनिकों तक पहुंचाया है।
विद्यालयों की छात्रा सुमेरा अंसारी, नूरसबा, दीपाली तोमर, शाजिया अंसारी, देवांशी आदि ने रक्षाबंधन को केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व न मानकर देश की रक्षा में समर्पित भारतीय जवानों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने के अवसर के रूप में मनाया। छात्राओं ने रंग-बिरंगी राखियों को बड़ी मेहनत और उत्साह के साथ तैयार किया। राखियों में उनकी रचनात्मकता के साथ-साथ देशभक्ति की भावना भी स्पष्ट दिखाई दी। छात्राओं ने अपने पत्रों में भारतीय सैनिकों के साहस, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति समर्पण को नमन करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने लिखा कि देशवासी अपने परिवारों के साथ त्योहार मना सकें, इसके पीछे आप वीर सैनिकों की निस्वार्थ सेवा और सतर्कता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए वह अपने इन भाइयों को राखी भेज रही हैं। छात्राओं ने बताया कि उनके लिए यह गर्व का विषय है कि वे रक्षाबंधन के अवसर पर अपने सैनिक भाइयों को राखी भेजकर उनके प्रति अपने स्नेह और सम्मान व्यक्त कर रही हैं। संचालक जसवंत सिंह तोमर ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, मानवीय संवेदनाएं और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। यह अवसर बच्चों को देश के वीर जवानों के योगदान को समझने और उनके प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है।