जालौन क्षेत्र के इस गांव में श्मशान घाट न होने से परेशानी में है ग्रामीण,यहाँ हुआ अंतिम संस्कार

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन तहसील क्षेत्र के ग्राम गढ़गुवां में श्मशान घाट की सुविधा न होने से ग्रामीणों को अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार शाम गांव निवासी 46 वर्षीय चेतराम के निधन के बाद अंतिम संस्कार के लिए कोई उचित स्थान नहीं मिला। बारिश के कारण खेतों में पानी भरा होने से परिजनों को मजबूरी में गांव में स्थित आरआरसी सेंटर में अंतिम संस्कार करना पड़ा। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने गांव में जल्द श्मशान घाट बनवाने की मांग की है।
ग्रामीण लालजी शर्मा, तारबाबू पटेल, रामजीवन पटेल, वीरेंद्र सिंह, विशंभर सिंह सेंगर आदि ने बताया कि गांव में श्मशान घाट की व्यवस्था नहीं है। सामान्य दिनों में भी अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है, लेकिन इन दिनों लगातार बारिश होने से समस्या और गंभीर हो गई है। खेतों में पानी भरा होने के कारण वहां अंतिम संस्कार करना संभव नहीं था। ऐसे में गुरुवार शाम चेतराम के निधन के बाद परिजन और ग्रामीण उनके शव को गांव में स्थित आरआरसी सेंटर ले गए, जहां अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद परिवार पहले ही दुख में होता है। ऐसे समय में अंतिम संस्कार के लिए उचित स्थान की व्यवस्था न होना उनकी परेशानी को और बढ़ा देता है। बारिश के दिनों में समस्या विशेष रूप से गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में श्मशान घाट के लिए स्थान निर्धारित कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। कहा कि श्मशान घाट बनने से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के समय होने वाली परेशानियों से स्थायी रूप से राहत मिल सकेगी।