रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम हरीपुरा में माता मंदिर के पास बिजली का खंभा टूटने से विद्युत लाइन काफी नीचे लटक गई है। लंबे समय से इसी स्थिति में पड़ी लाइन के कारण ग्रामीणों के बीच हादसे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि खंभा टूटने के बाद से कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक नया खंभा नहीं लगवाया गया है।
ग्राम हरीपुरा में माता मंदिर के पास लगा बिजली का खंभा करीब छह माह से टूटा पड़ा है। इसी खंभे के सहारे बिजली की लाइन गुजर रही थी। खंभा टूटने के बाद लाइन का एक हिस्सा नीचे झुक गया है। मंदिर के आसपास लोगों का आवागमन भी रहता है, ऐसे में नीचे लटकती विद्युत लाइन किसी भी समय हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लोगों को इस समस्या की जानकारी है, इसलिए वे नीचे लटक रही लाइन से बचकर निकलते हैं। लेकिन गांव से गुजरने वाले बाहरी लोगों, राहगीरों अथवा किसी बड़े वाहन के चालक को इसकी जानकारी न होने के कारण खतरा और बढ़ जाता है। प्रधान गीता मिश्रा और प्रधान प्रतिनिधि लालजी मिश्रा ने बताया कि करीब छह माह से लगातार बिजली निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को मौखिक व लिखित रूप से समस्या से अवगत कराया जा रहा है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि किसी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय निगम को पहले ही टूटे खंभे को हटाकर उसके स्थान पर नया खंभा लगवा देना चाहिए। नया खंभा लगने से बिजली की लाइन ऊंचाई पर हो जाएगी और राहगीरों व ग्रामीणों के लिए हादसे की आशंका भी नहीं रहेगी।










