जालौन जिले के इस गांव में हुआ श्रावणी उपाक्रम और दशाविधि स्नान का आयोजन

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन जनपद के गांव मुसमरिया स्थित गायत्री प्रज्ञा पीठ में शुक्रवार सुबह 6:45 बजे गायत्री परिवार की परंपरा के अनुसार श्रावणी उपाकर्म एवं दशविधि स्नान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक शुद्धि के साथ नैतिक एवं सांस्कृतिक जीवन के नवीनीकरण का संकल्प दिलाना रहा।

गायत्री प्रज्ञा पीठ के संवाहक लक्ष्मण सिंह जादौन के निर्देशन में वेद मंत्रों के साथ सामूहिक दशविधि स्नान कराया गया। इसमें भस्म, मिट्टी, गोबर, गोमूत्र, दूध, दही, घी, सर्वौषधि, कुशा और शुद्ध जल का प्रतीकात्मक रूप से प्रयोग किया गया।

इसके बाद कौशल सिंह के नेतृत्व में सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार कराया गया। श्रद्धालुओं ने नया यज्ञोपवीत धारण कर संयम, सदाचार, कर्तव्य और अनुशासन के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पर्यावरण कार्यकर्ता रामकुमार मुसमरिया ने प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में चंद्रशेखर, शिवपाल सिंह, भीकम, रूपे सिंह, खिल्लू, रमेश बप्पा, रघुवीर प्रजापति, करण कुशवाहा, विकास सिंह, रूप नारायण द्विवेदी, श्याम सुंदर गपोचे, कौशल सिंह, लक्ष्मण सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजन का संदेश ‘आत्म-निर्माण से युग-निर्माण’ की भावना को आगे बढ़ाना रहा ।